ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

सागर में युवक का शव विज्ञापन पोल पर लटका मिला, हत्या या आत्महत्या? जांच जारी

सागर जिले में खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी के पास सोमवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक का शव विज्ञापन पोल पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया।

मृतक की पहचान गढ़ोली खुर्द निवासी हीरालाल पिता परमलाल अहिरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

मृतक के भाई संतोष अहिरवार ने चार लोगों—अली, शुभम, गोलू और विक्की—पर हत्या कर शव को पोल पर लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रात में चौराहे पर इन लोगों ने हीरालाल के साथ मारपीट की थी। इसके बाद वह घर आया और उनके मोबाइल से सीएम हेल्पलाइन नंबर 181 पर कॉल किया। आरोप है कि कुछ देर बाद वही लोग घर आए और उसे अपने साथ ले गए, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

वहीं मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस का कहना है कि युवक विवाद के बाद घर से रस्सी लेकर आया और अंधेरे में पोल पर चढ़कर फांसी लगा ली। टीआई के मुताबिक, कुछ राहगीरों ने उसे रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह नहीं माना।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

Author

Related Articles

Back to top button