112 लीटर से ज्यादा अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
बरगवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो प्रकरणों में आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

सिंगरौली- बरगवां पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 112.715 लीटर शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पहले मामले में 75 लीटर शराब बरामद
प्रकरण क्रमांक 127/2026 में पुलिस ने सीताराम साहू (25) निवासी चिनगी पट्टी, थाना बरगवां तथा महेंद्र सिंह (46) निवासी पलामू (झारखंड), हाल गोरबी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 48 लीटर अंग्रेजी शराब, 18 लीटर देशी मसाला मदिरा तथा 9 लीटर प्लेन मदिरा सहित कुल 75 लीटर शराब जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 27,484 रुपये आंकी गई है।शराब परिवहन में उपयोग की जा रही हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 66 एमसी 9964) भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 42 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में 37.715 लीटर शराब जब्त
प्रकरण क्रमांक 128/2026 में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पचेरी निवासी मनोज साहू (19) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 37.715 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,400 रुपये है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना बरगवां पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











