प्रयाग पथ गली में विधि-विधान से हुआ होलिका दहन

सिंगरौली। नगर निगम क्षेत्र के प्रयाग पथ गली, वार्ड क्रमांक 40 में होली पर्व के उपलक्ष्य में होलिका दहन का आयोजन पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न किया गया। कार्यक्रम में वार्ड के नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। होलिका दहन में बच्चे, बुजुर्ग, माताएं और बहनों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि छोटे-छोटे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने होलिका दहन की तैयारियों में सहयोग किया और कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिवादन किया। पूरे वार्ड में उत्सव और उल्लास का वातावरण बना रहा तथा सभी ने मिलकर पारंपरिक तरीके से होलिका दहन पर्व मनाया।











