प्रचालन उत्कृष्टता की ओर अग्रसर एनटीपीसी लिमिटेड सिंगरौली परियोजना
कार्यकारी निदेशक विद्यानंद झा का निरीक्षण दौरा

सिंगरौली। एनटीपीसी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (प्रचालन सेवाएँ) विद्यानंद झा ने एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना का औपचारिक निरीक्षण दौरा कर संयंत्र के समग्र प्रचालन प्रदर्शन तथा वर्तमान में संचालित विभिन्न पहलों की विस्तृत समीक्षा की।
दौरे के दौरान उन्होंने प्रमुख प्रचालन मानकों का सूक्ष्म आकलन करते हुए उत्पादन क्षमता, परिचालन दक्षता, प्रणाली की विश्वसनीयता तथा अनुरक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सी.एच. किशोर कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में प्रचालन प्रणाली में नवाचार, संसाधनों के इष्टतम उपयोग, गुणवत्ता उन्नयन, लागत संतुलन तथा सुरक्षा मानकों के सुदृढ़ीकरण पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
अपने संबोधन में विद्यानंद झा ने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना संगठन की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उत्कृष्ट प्रचालन, सुदृढ़ अनुरक्षण व्यवस्था और टीम की प्रतिबद्धता ही संगठन को प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में अग्रणी बनाए रखती है। उन्होंने सतत सुधार, तकनीकी उन्नयन और सामूहिक समर्पण के माध्यम से उच्च कार्यकुशलता एवं विश्वसनीयता के मानक स्थापित करने पर बल दिया।
उन्होंने औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है।
दौरे के दौरान विद्यानंद झा ने परियोजना परिसर में अपनी पत्नी श्रीमती अंजू झा के साथ वृक्षारोपण कर हरित पहल के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया। इस अवसर पर श्रीमती प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा वनिता समाज एवं अन्य सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं।
दौरे के समापन पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना भविष्य में भी विस्तार लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी और प्रचालन उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करेगी।











