घरेलू गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, चालक घायल; बड़ा हादसा टला

कटनी। Katni जिले के बिलहरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुघरा के पास बुधवार दोपहर घरेलू गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा होली के त्योहार के बीच हुआ, लेकिन गनीमत रही कि किसी भी सिलेंडर से गैस रिसाव या आग नहीं लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा घुघरा रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रक अचानक डगमगाते हुए सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। ट्रक पलटते ही सड़क पर गैस सिलेंडरों का ढेर लग गया, जिससे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी Suyash Pandey ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही प्रतीत हो रहा है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं होली के दौरान नशे की हालत में चालक ने वाहन से नियंत्रण तो नहीं खो दिया। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मौके पर सुरक्षा घेरा बनाकर बिखरे सिलेंडरों को सावधानीपूर्वक हटवाया और गैस एजेंसी को सूचना देकर दूसरे वाहन से उन्हें सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। करीब एक घंटे बाद घुघरा रोड पर यातायात सामान्य हो सका।













