निगाही वार्ड-22 की बैगा बस्ती में अब भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव
एक माह बाद भी नहीं बदले हालात, पीड़ित परिवारों में नाराजगी

सिंगरौली। निगाही वार्ड क्रमांक-22 स्थित बैगा बस्ती में एक माह पूर्व हुई मारपीट की घटना के बाद नेताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए आश्वासन अब तक जमीन पर दिखाई नहीं दिए हैं। बस्तीवासियों का आरोप है कि घटना के बाद पानी, बिजली, शौचालय और सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि घटना के बाद मौके पर पहुंचे थे तथा एनसीएल प्रबंधन से चर्चा कर बस्ती में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही थी। इसके बावजूद अब तक नियमित पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। बस्ती में दर्जनों पानी की टंकियां बनी हुई हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं पहुंच रहा है।
भीषण गर्मी के बीच लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं कई परिवार अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बस्तीवासियों का कहना है कि घटना के बाद नेताओं ने कई बार मुलाकात कर भरोसा दिलाया, लेकिन समय बीतने के साथ सभी ने दूरी बना ली। लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की बातों को भी एनसीएल प्रबंधन ने गंभीरता से नहीं लिया।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि घटना के बाद उन्हें अस्पतालों के चक्कर भी लगवाए गए, लेकिन स्थायी राहत आज तक नहीं मिल सकी। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वे भरोसा किस पर करें।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बैगा बस्ती में जल्द से जल्द पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर लोगों को राहत दी जाए।













