खंडवा में एलपीजी गैस लीकेज से हड़कंप, 3 घंटे तक रुका रेल यातायात

जबलपुर।महाराष्ट्र के पनवेल से जबलपुर (भिटौनी) आ रही भारत पेट्रोलियम की मालगाड़ी से एलपीजी गैस लीकेज होने का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे खंडवा रेलवे स्टेशन के आउटर पर हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल रेल यातायात रोकना पड़ा।जानकारी के मुताबिक, 32 वैगनों में एलपीजी गैस लेकर जा रही मालगाड़ी खंडवा आउटर पर खड़ी थी। इसी दौरान ट्रेन स्टाफ का बदलाव किया जा रहा था। नई टीम को तेज बदबू महसूस हुई, जिसके बाद जांच की गई और एक वैगन से गैस रिसाव की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी मनोज कुमार राय पहुंचे।
करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद लीकेज वाले वैगन को अलग किया गया
उसे बाकी 31 वैगनों से आइसोलेट (अलग) कर सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया
एहतियात के तौर पर वैगन को गीली बोरियों और बालू रेत से ढंका गया
तकनीकी सहायता के लिए पीथमपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई
इस आपात स्थिति के कारण रेलवे ट्रैक पर यातायात प्रभावित रहा।
राजधानी एक्सप्रेस
मंगला एक्सप्रेस
समेत कुल 6 ट्रेनें प्रभावित हुईं
करीब रात 12:30 बजे स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ट्रेनों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई।
समय रहते लीकेज का पता चलने और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन और रेलवे की सतर्कता से आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सका।













