बैढ़न जोन में जनगणना प्रशिक्षण आज से शुरू, 167 प्रगणक-सुपरवाइजर होंगे प्रशिक्षित
प्रशिक्षण में कुशल मास्टर ट्रेनरो द्वारा सिखाई जायेगी जनगणना से संबंधित सभी बारीकिया

सिंगरौली, / आगामी जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बैढ़न जोन में सलग्न प्रगणक-सुपरवाइजरो का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। प्रमुख जनगणना अधिकारी नगरीय क्षेत्र श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशानुसार नगर जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जा रही है।
यह प्रशिक्षण 15 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक अग्रणी महाविद्यालय बैढ़न के विज्ञान भवन में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 9ः00 बजे से सायं 5ः30 बजे तक संचालित होगा, जिसमें बैढ़न जोन के कुल 167 प्रगणक एवं सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं। जनगणना प्रभारी बैढ़न जोन एच.एम. श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण कुशल मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रदान किया जा रहा है, जिसमें प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण एवं फील्ड कार्य की संपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है तथा सभी संबंधितों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित होकर कार्य की बारीकियों को भली-भांति समझें। प्रशिक्षण अवधि के दौरान यदि कोई भी कर्मचारी अनुपस्थित पाया जाता है, तो जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर जनगणना प्रभारी बैढ़न जोन एच.एम. श्रीवास्तव द्वारा उपस्थित सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्वक जनगणना कार्य संपादित करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सहायक यंत्री एवं जनगणना जोन प्रभारी मोरवा प्रवीण गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













