देश विदेश

मनीमाजरा के गोविंदपुर में बिजली-पानी संकट गहराया, महंत मनोज शर्मा ने नगर निगम से की तत्काल कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़। मनीमाजरा क्षेत्र के गोविंदपुर में बिजली कटौती और पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को उठाते हुए विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
महंत मनोज शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गर्मी शुरू होते ही क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। लगातार बिजली बाधित होने और पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने चिंता जताई कि अभी गर्मी अपने चरम पर नहीं पहुंची है, ऐसे में आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

पत्र में महंत मनोज शर्मा ने मांग की है कि गोविंदपुर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, पेयजल व्यवस्था को सुचारु और पर्याप्त बनाया जाए तथा संबंधित विभागों को स्थायी समाधान के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु विशेष हेल्पलाइन और नियमित निरीक्षण व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।

Author

Related Articles

Back to top button