ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला जनगणना अधिकारी ने छात्रों को स्व-गणना के लिए किया प्रेरित

छात्रों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने का अभियान तेज

सिंगरौली-जिला जनगणना अधिकारी श्री संजीव पाण्डेय ने उत्कृष्ट विद्यालय एवं अग्रणी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसकी प्रक्रिया को सरल और स्पष्ट तरीके से समझाया।कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने का अभियान भी तेज किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़कर सटीक आंकड़ों के संकलन में अपनी भूमिका निभा सकें।कार्यक्रम में उन्होंने जनगणना के दोनों प्रमुख चरणों प्रथम में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना तथा द्वितीय, जनसंख्या गणना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में प्रत्येक मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं उसके उपयोग से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाती है, जबकि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी दर्ज की जाती है।

श्री पाण्डेय ने कहा कि जनगणना को अधिक पारदर्शी, सुलभ और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना की सुविधा शुरू की गई है। यह प्रक्रिया अत्यंत सरल है और नागरिक इसे घर बैठे कम समय में पूर्ण कर सकते हैं। स्व-गणना के तहत मकान की स्थिति (कच्चा या पक्का), पेयजल की उपलब्धता, उपयोग में आने वाले अनाज तथा घर में उपलब्ध वाहनों जैसी आवश्यक जानकारी प्रदान करनी होती है, जिससे आंकड़े अधिक सटीक और विश्वसनीय बनते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से शहर और देश के समग्र विकास को गति मिलेगी। साथ ही नागरिकों से निर्धारित समयावधि में स्व-गणना पूर्ण करने की अपील की गई।कार्यक्रम के अंत में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे आमजन को जागरूक करते हुए स्व-गणना प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें इस अवसर पर डीआईओ गौरव उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button