हाई स्कूल कुम्हिया के उन्नयन की मांग तेज, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री को सौंपा आवेदन

सिंगरौली। जिले के दूरस्थ क्षेत्र कुम्हिया स्थित शासकीय हाई स्कूल को हाई सेकेंडरी में उन्नत करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर इस संबंध में शिक्षा मंत्री के नाम आवेदन प्रस्तुत किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माड़ा के अध्यक्ष सतीश जायसवाल ने बताया कि कुम्हिया हाई स्कूल के आसपास 5 से 6 ग्राम पंचायतें आती हैं, जिनकी दूरी स्कूल से लगभग 10-11 किलोमीटर है। ऐसे में छात्रों, विशेषकर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के गरीब परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा से वंचित होना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जनपद सदस्य हीरमनिया सिंह (वार्ड क्रमांक 7 भाऊखाड़), ग्राम पंचायत कुम्हिया की सरपंच डॉ. किरण जायसवाल, ग्राम पंचायत मलगो की सरपंच करुणा कुमारी बैस, ग्राम पंचायत ढोढ़ीटोला की सरपंच चंदा देवी शाह तथा ग्राम पंचायत हटका की सरपंच विसर्जन शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से स्कूल उन्नयन की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग के नाम आवेदन तैयार किया गया।
यह आवेदन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अनुमोदन के साथ प्रस्तुत किया गया। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि हाई स्कूल को हाई सेकेंडरी में उन्नत किया जाता है, तो क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलेगा और उन्हें दूर-दराज के स्कूलों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
सतीश जायसवाल ने बताया कि शिक्षा मंत्री की ओर से इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय लिया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने भी इसे शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।













