मोरवा में एक माह डेरा डालकर रची गई बैंक लूट की साजिश, एक आरोपी रिमांड पर

सिंगरौली।मध्य प्रदेश के Singrauli जिले में बैंक लूट मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जिला मुख्यालय स्थित Bank of Maharashtra में शुक्रवार को हुई लूट की वारदात के पीछे आरोपियों ने करीब एक माह पहले से योजना बनाई थी।
कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कमलेश कुमार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में अब तक एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने मोरवा क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के पास बदामी देवी का मकान किराए पर लिया था। मकान लेते समय उन्होंने खुद को मजदूर बताया था। शुरुआत में तीन लोग वहां रह रहे थे, बाद में घटना से कुछ दिन पहले दो अन्य साथी भी उनके साथ जुड़ गए।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी रोज सुबह घर से निकलकर बैंक और आसपास के इलाके की रेकी करते थे और शाम को वापस लौटते थे। इस दौरान उन्होंने लूट की पूरी योजना तैयार की।
पुलिस को जब आरोपियों के ठिकाने की जानकारी मिली, तो रविवार शाम बदामी देवी के मकान का ताला तुड़वाकर तलाशी ली गई। मकान मालकिन से भी पूछताछ की गई और मौके से कई अहम सुराग जुटाए गए हैं।
फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें Bihar और Chhattisgarh में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।













