मुंबई में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर सहित तीन गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी Mumbai के भायखला इलाके में सड़क पर हुए एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद Yusuf Pathan के ससुर खालिद खान, उनके बेटे उमरशाद खान और शोएब खान को एक व्यक्ति और उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। स्थानीय निवासी यूसुफ खान अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी सड़क पर भरे पानी से उनकी कार का पहिया गुजरने पर छींटे पास से गुजर रहे शोएब खान पर पड़ गए। यूसुफ खान का कहना है कि उन्होंने तुरंत माफी मांगी, लेकिन इसके बावजूद विवाद बढ़ गया और शोएब ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और उनके साथ मारपीट की।
मामला तब और गंभीर हो गया जब यूसुफ खान अपने परिवार के साथ शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। रास्ते में उनका सामना खालिद खान, उमरशाद खान और अन्य लोगों से हुआ। आरोप है कि इन लोगों ने यूसुफ खान और उनके परिजनों पर बेसबॉल बैट और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में सलमान नामक युवक का हाथ टूट गया, जबकि जकी अहमद को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद भायखला पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। अदालत ने आरोपियों को 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं एक अन्य आरोपी शहबाज पठान फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
अदालत में सरकारी पक्ष ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए जमानत का विरोध किया, जबकि बचाव पक्ष ने इसे आपसी विवाद बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में यूसुफ खान की ओर से भी एक प्रतिपक्षीय शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।













