हवन-भंडारे के साथ श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन पर एडवोकेट गोमती जायसवाल ने व्यक्त किया आभार

सरई। सिंगरौली जिले के नगर परिषद सरई अंतर्गत थाना रोड स्थित वार्ड क्रमांक 4 में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के सफल समापन के उपरांत मुख्य संयोजक एडवोकेट गोमती जायसवाल ने समस्त श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के लोगों का जो स्नेह, सहयोग और सहभागिता प्राप्त हुई, वह अत्यंत प्रेरणादायक रही।
कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। समापन दिवस पर हवन-पूजन एवं भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने यह सिद्ध कर दिया कि समाज आज भी धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से गहराई से जुड़ा हुआ है। एडवोकेट गोमती जायसवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं था, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों के प्रसार का माध्यम भी बना।
उन्होंने विशेष रूप से आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, महिलाओं, युवाओं तथा वरिष्ठजनों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार समाज का स्नेह और सहयोग मिलता रहेगा, जिससे ऐसे धार्मिक आयोजन निरंतर होते रहेंगे और सामाजिक एकता को नई दिशा मिलती रहेगी।













