अजमेर में कार में आग लगने से कांग्रेस नेता और परिवार के चार लोगों की मौत

अजमेर, 28 मई। राजस्थान के अजमेर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें कांग्रेस नेता व जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी और उनके परिवार के चार सदस्य चलती स्कॉर्पियो कार में आग लगने से जिंदा जल गए। यह हादसा बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 5.30 बजे हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी के अचानक सीने में दर्द होने के कारण उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी और भांजी महिमा भी सवार थीं। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। आग ने बहुत ही कम समय में विकराल रूप ले लिया और चारों लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। घटना स्थल पर दमकल की गाड़ी बुलाई गई, लेकिन तब तक सभी चार लोग जिंदा जल चुके थे।
पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला मामले की निगरानी कर रहे हैं। बोराड़ा और अरांई थाना अधिकारी मौके पर जांच में जुटे हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
अजमेर एसपी ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस शॉर्ट सर्किट सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हादसे से इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।
रामसिंह चौधरी के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी गहरा शोक व्याप्त है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।













