छमरछ पंचायत में चला प्रशासन का बुलडोजर, दो जगहों से हटाया अतिक्रमण
सरई तहसीलदार अमित मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, शासकीय भूमि कराई गई खाली

छमरछ पंचायत में चला प्रशासन का बुलड
सिंगरौली :जिले के निवास चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत छमरछ में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से अवैध कब्जा हटवा दिया। मंगलवार को सरई तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन व नापजोख के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया गया कि पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को आवागमन सहित सार्वजनिक उपयोग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों की जांच के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण की पुष्टि करते हुए हटाने के निर्देश दिए।
तहसीलदार अमित मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर राजस्व अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराया और कब्जा हटवाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक लालमणि सिंह, पटवारी अरुण कुमार शुक्ला, अनिल सिसोदिया, दिनेश साहू, विनय प्रकाश शुक्ला सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे, लेकिन प्रशासन की समझाइश और पुलिस व्यवस्था के चलते पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तहसीलदार अमित मिश्रा ने कहा कि भविष्य में भी अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर बिना भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से सार्वजनिक भूमि संरक्षण में सहयोग करने और अवैध कब्जे की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।













