पिता ने छह वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के खेड़ियाटांगर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी छह वर्षीय बेटी की कथित रूप से डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छह वर्षीय सोनिया घर में सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता लालसिंह ने अचानक उस पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन और ग्रामीण तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी का व्यवहार उग्र हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार उसने अपनी पत्नी और आसपास मौजूद लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था। वह नियमित रूप से दवा नहीं ले रहा था और उसका व्यवहार भी सामान्य नहीं लग रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।













