चितरंगी में आज आयोजित होगी जन समस्या निवारण शिविर
चितरंगी में आज आयोजित होगी जन समस्या निवारण शिविर

सिंगरौली, कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशन में जनपद पंचायत चितरंगी के ग्राम रेहड़ी (ग्राम पंचायत पराई) में 3 जून को सुबह 10:30 बजे से जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सीधी-सिंगरौली डॉ. राजेश मिश्र विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और जिला स्तर के अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।कलेक्टर श्री गौरव बैनल के आदेशानुसार इस शिविर में जिले के सभी प्रमुख विभागों के जिला अधिकारी अपने क्षेत्रीय अमले के साथ विशेष काउंटर लगाएंगे, जिनमें खाद्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मत्स्य उद्योग विभाग, विद्युत विभाग तथा जल संसाधन विभाग शामिल हैं। ये सभी अधिकारी सीधे जनता से शिकायतें प्राप्त कर उनका ऑन-द-स्पॉट समाधान करेंगे।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शिविर स्थल पर एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां ग्रामीणों की निःशुल्क जांच एवं उपचार किया जाएगा।कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तहसीलदार चितरंगी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को संयुक्त रूप से शिविर स्थल पर पेयजल, टेंट, बैठक व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।प्रशासन ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं के आवेदन दर्ज कराएं तथा शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।













