एनसीएल परियोजना से डीजल चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
250 लीटर डीजल और बोलेरो वाहन बरामद, एनसीएल गार्ड की भूमिका की जांच

सिंगरौली। थाना शक्तिनगर पुलिस ने एनसीएल खड़िया परियोजना क्षेत्र में हुई डीजल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 250 लीटर चोरी का डीजल और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून की रात एनसीएल खड़िया परियोजना में खड़ी एक डोजर मशीन से लगभग 250 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया था। मामले में थाना शक्तिनगर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरदवा बस्ती स्थित एनसीएल खड़िया स्टेडियम के पास खड़ी एक बोलेरो वाहन की तलाशी ली। वाहन से सात गैलनों में रखा करीब 250 लीटर डीजल बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने झारखंड के रामगढ़ निवासी देवराज चौधरी (26) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने में एनसीएल में कार्यरत एक गार्ड द्वारा मशीनों की लोकेशन और अन्य जानकारियां उपलब्ध कराई गई थीं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है तथा संबंधित गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बरामद डीजल और वाहन को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













