अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: देवसर के चकुआर में 160 घन मीटर लावारिस रेत जब्त

सिंगरौली/कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार एवं खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में रेत भंडारण के संबंध में प्राप्त शिकायत पर त्वरित एक्शन लेते हुए आज दिनांक 3 जून 2026 को खनि निरीक्षक श्री अशोक मिश्रा एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम चकुआर, तहसील देवसर में नदी पुल के पास स्थित शमशान घाट के पास छापामार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके पर कुल मात्रा लगभग 160 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित लावारिस रेत पाई गई, जिसे टीम द्वारा तत्काल जब्त कर लिया गया। इसके बाद रेत नियम के प्रावधानों के अनुसार, जब्त की गई इस संपूर्ण रेत को आगामी वैधानिक प्रक्रिया तक रेत ठेकेदार की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। खनिज विभाग द्वारा इस पूरे प्रकरण में खनिज नियमों के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में माफियाओं और अवैध कारोबारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।













