बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर एसपी ने की समीक्षा, अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश

सिंगरौली। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक षियाज के. एम. ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी तथा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न अपराधों, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाए तथा छोटी-छोटी घटनाओं में भी समय रहते वैधानिक कार्रवाई कर अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जाए।

एसपी ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने, मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाने तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बीट व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के अपराधियों, भूमि विवादों, लेन-देन संबंधी मामलों और अन्य संवेदनशील विषयों पर सतत निगरानी रखें तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने, नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वाहन चेकिंग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निराकरण पर भी जोर दिया। साथ ही महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों से अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और आमजन का विश्वास बढ़ाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपील की।

Author

Related Articles

Back to top button