ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मालवीय नगर होटल अग्निकांड: मुख्य आरोपी लवकेश बजाज पर पहले से दर्ज है फर्जी पासपोर्ट का मामला

 

नई दिल्ली। मालवीय नगर होटल अग्निकांड के मुख्य आरोपी लवकेश बजाज के खिलाफ पहले से एक गंभीर आपराधिक मामला दर्ज होने का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष उसे फर्जी पासपोर्ट और जाली दस्तावेज तैयार करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के मुताबिक लवकेश बजाज पर बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट उपलब्ध कराने का आरोप है। इस संबंध में जनवरी 2025 में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान उसकी कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। वह लगभग 15 दिन तक तिहाड़ जेल में रहा और बाद में जमानत पर रिहा हो गया। फर्जी पासपोर्ट मामले की सुनवाई फिलहाल अदालत में लंबित है।

इस बीच मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में भी लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा और मैनेजर राकेश फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार जय मिश्रा दिल्ली के छतरपुर क्षेत्र का निवासी है और हादसे के बाद से लापता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं मैनेजर राकेश समेत होटल के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनसे संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच एजेंसियां होटल अग्निकांड और फर्जी पासपोर्ट मामले की जांच समानांतर रूप से कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं।

बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाने के बाद लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया। राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी के बाद उसे हिरासत में लिया गया। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई।

गौरतलब है कि मालवीय नगर स्थित होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के दौरान 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था, जिनमें से 26 का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भी कई घायलों का इलाज जारी है। इनमें वे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्होंने बचाव अभियान के दौरान सबसे पहले जलती हुई इमारत में प्रवेश कर लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया था।

Author

Related Articles

Back to top button