देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

ईवी शोरूम में भीषण आग, छह परिवारों को रस्सी और सीढ़ी के सहारे सुरक्षित निकाला

इंदौर। शहर की स्कीम-136 स्थित एक अपार्टमेंट की भूतल पर संचालित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) शोरूम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से शोरूम में रखे सभी दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। वहीं, अपार्टमेंट की ऊपरी दो मंजिलों पर रहने वाले छह परिवार धुएं और आग के कारण भवन में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे शोरूम में अचानक आग लग गई। उस समय शोरूम बंद था। आग तेजी से फैलने लगी और पूरे परिसर में धुआं भर गया। धुआं फ्लैटों तक पहुंचने पर वहां रह रहे लोगों की नींद खुली। नीचे का रास्ता आग और धुएं से घिर जाने के कारण वे सीढ़ियों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी मदद के लिए आगे आए। अपार्टमेंट से सटी एक अन्य मल्टी में रहने वाले लोगों ने रस्सी और सीढ़ियों की व्यवस्था कर फंसे हुए लोगों को छत पर पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद एक-एक कर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बचाव अभियान में पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी परिवारों को सुरक्षित निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग फ्लैटों तक नहीं पहुंची, जिससे रहवासियों की गृहस्थी और घरेलू सामान सुरक्षित बच गया।

स्थानीय निवासी श्याम दुबे ने बताया कि धुआं दिखाई देते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और आसपास के लोग तत्काल बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button