तियरा के पास भीषण सड़क हादसा: बाइक-हाइवा की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर

सिंगरौली। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तियरा गांव के पास शुक्रवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बाइक और हाइवा वाहन की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार परसदेही निवासी मनोज शाह (22) और परविंद्र कुमार शाह (23) बाइक क्रमांक एमपी 66 एमएफ 5777 से वेदान क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तियरा गांव के समीप उनकी बाइक की टक्कर हाइवा वाहन क्रमांक यूपी 64 बीटी 2502 से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज शाह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि परविंद्र शाह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल में उमड़े परिजन और ग्रामीण
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। संबंधित वाहन और उसके चालक के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी और चिंता देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।













