पांच राज्यों में ईडी की बड़ी कार्रवाई: अवैध बांग्लादेशी-रोहिंग्या नेटवर्क पर शिकंजा, नकदी और सोना बरामद

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को भारत में बसाने से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में एक साथ छापेमारी की। एजेंसी के अनुसार, यह नेटवर्क कथित तौर पर विदेशों से प्राप्त धन का उपयोग फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, अवैध घुसपैठियों को देश के विभिन्न हिस्सों में बसाने और उनकी आजीविका की व्यवस्था करने में कर रहा था। मामले में आतंकी फंडिंग के संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
ईडी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के कलिकापुर स्थित एक संस्थान से छापेमारी के दौरान 40 लाख रुपये नकद और 180 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए गए। वहीं उत्तर प्रदेश के देवबंद, दिल्ली के जामिया नगर, हरियाणा के बल्लभगढ़, पश्चिम बंगाल के दक्षिण एवं उत्तर 24 परगना, मुर्शिदाबाद तथा महाराष्ट्र के रायगढ़ समेत कुल 13 स्थानों पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। एजेंसी कुछ ट्रस्टों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है। ईडी का दावा है कि संदिग्धों को भारत में बसाने के लिए 6 हजार, 8 हजार और 10 हजार रुपये जैसी छोटी-छोटी किस्तों में धन भेजा जाता था। यह कार्रवाई वर्ष 2024 में यूपी एटीएस द्वारा दर्ज मामले के आधार पर की गई है। फिलहाल पूरे नेटवर्क और धन के स्रोतों की विस्तृत जांच जारी है।













