2 हजार की रिश्वत लेते बीट गार्ड लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा
बरगवां के ओबरी बीट में कार्रवाई, शिकायतकर्ता से घूस मांगने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार; वन विभाग में मचा हड़कंप

सिंगरौली। जिले के बरगवां वन परिक्षेत्र में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओबरी जंगल चौकी के बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला को ₹2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ओबरी क्षेत्र के निवासी रामलोचन प्रजापति से किसी कार्य के एवज में बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना लोकायुक्त पुलिस को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही रामलोचन प्रजापति ने केमिकल लगे ₹2 हजार आरोपी को दिए, पहले से मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। इसके बाद कराई गई रासायनिक जांच में बीट गार्ड के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई के लिए सर्किट हाउस बरगवां ले जाया गया। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में पूरे दिन चर्चाओं का दौर चलता रहा।













