बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

3.33 करोड़ का टेंडर, फिर भी नहीं बनी सड़क; मजबूर होकर वार्डवासियों ने खुद भरे गड्ढे

विंध्यनगर-तेलगवां मार्ग की बदहाली से आमजन, मजदूर और स्कूली छात्र परेशान, निर्माण शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली। विंध्यनगर से तेलगवां तक प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा लगभग 3.33 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान स्थानीय लोगों, मजदूरों और स्कूली विद्यार्थियों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए कि प्रशासन और संबंधित विभाग की उदासीनता से नाराज वार्डवासियों ने आपस में चंदा एकत्र कर स्वयं श्रमदान करते हुए पुल के पास बने गहरे गड्ढों को भरकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन टेंडर जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया।

वार्डवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो एनटीपीसी विंध्याचल के मुख्य द्वार के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

Author

Related Articles

Back to top button