सीआरपीएफ महानिदेशक के प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत हुए सिंगरौली एसपी षियाज के.एम.
नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस, रणनीतिक नेतृत्व और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला डीजी कमेंडेशन डिस्क एवं प्रशस्ति-पत्र

सिंगरौली। नक्सल विरोधी अभियानों में उत्कृष्ट नेतृत्व, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. (आईपीएस) को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक द्वारा प्रतिष्ठित डीजी कमेंडेशन डिस्क (DG’s Commendation Disc) एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें हॉक फोर्स के पूर्व कमांडेंट के रूप में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, सफल अभियानों और असाधारण वीरता के लिए प्रदान किया गया।
अपने सेवाकाल के दौरान षियाज के.एम. ने अनेक नक्सल विरोधी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व किया। कठिन परिस्थितियों में रणनीतिक दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और निर्भीक कार्यशैली के बल पर उन्होंने कई सफल अभियान संचालित किए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके समर्पण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल सिंगरौली पुलिस बल्कि पूरा मध्यप्रदेश गौरवान्वित हुआ है।
षियाज के.एम. की यह उपलब्धि पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका नेतृत्व भविष्य में भी पुलिसकर्मियों को साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।













