बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

इंदौर पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, फरार पति अखिलेश का रेलवे ट्रैक पर मिला शव

गंजबासौदा में क्षत-विक्षत हालत में मिला शव, सिर गायब होने से जांच में नई गुत्थी

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। पत्नी की निर्मम हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी पति अखिलेश सैनी का शव गंजबासौदा में रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ है। हालांकि शव की हालत बेहद खराब थी और सिर नहीं मिलने के कारण पुलिस की जांच और भी जटिल हो गई है।

जानकारी के अनुसार गंजबासौदा और पवई के बीच रेलवे ट्रैक पर पोल नंबर 925 के पास क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को केवल धड़ मिला, जबकि सिर गायब था। पुलिस ने आसपास करीब छह किलोमीटर क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया, लेकिन सिर बरामद नहीं हो सका।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान उर्मिला सैनी के पति अखिलेश के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम पुष्टि परिजनों द्वारा पहचान के बाद ही की जाएगी।

गौरतलब है कि 11 जुलाई को इंदौर में उर्मिला सैनी की हत्या का मामला सामने आया था। स्कूल से लौटे बच्चों ने घर का दरवाजा खुला पाया और अंदर मां को खून से लथपथ हालत में देखा था। जांच में पुलिस को पता चला था कि आरोपी ने वारदात के दौरान टीवी की आवाज तेज कर दी थी, ताकि चीख-पुकार बाहर न पहुंच सके।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि हत्या के बाद आरोपी ने भागने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि उसने बच्चों को घर की चाबी और एटीएम कार्ड देकर रिश्तेदार के घर जाने को कहा और खुद फरार हो गया था।

उर्मिला हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपी अखिलेश की तलाश के लिए कई टीमें लगाई थीं। उस पर घोषित इनाम की राशि भी बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह कहां-कहां रहा और गंजबासौदा में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button