देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: कार-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत, एक गंभीर

 

नागपुर/वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पुलगांव थाना क्षेत्र के विरूल इंटरचेंज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टक्कर के बाद आयशर ट्रक चालक की भी गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही जान चली गई। हादसे में ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और पुलगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने सभी पांच शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव ग्रामीण अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है।

Author

Related Articles

Back to top button