
राजगढ़। उत्तर प्रदेश से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार रविवार को राजगढ़ जिले में भीषण हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे-46 गुना रोड पर जोगीपुरा टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी आठ लोग उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के रहने वाले थे और पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। छुट्टी के दौरान सभी लोग महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जा रहे थे। इसी दौरान ब्यावरा क्षेत्र में अचानक कार का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पड़े मिट्टी के टीले से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही हाईवे की एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए बीनागंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में 52 वर्षीय अजीत पांडे निवासी चमरोली, उन्नाव और 35 वर्षीय श्यामजी प्रजापति निवासी जालौन, उन्नाव की मौत हो गई। वहीं चालक मधुराज गौतम (24), अखिलेश रावत (32), मनोज रावत (37), काशी (55), विकास गौतम (30) और श्याम (42) घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल सहित अन्य उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।













