संगठन विस्तार और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे कार्यकर्ता : पवन पाटीदार
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का सिंगरौली में भव्य स्वागत, कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सिंगरौली में पिछड़ा वर्ग मोर्चा का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने की।
प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के प्रथम सिंगरौली आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ जगह-जगह भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने स्वागत भाषण में कहा कि सिंगरौली सहित प्रदेश में भाजपा की सफलता में पिछड़ा वर्ग समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में मेहनत और समर्पण करने वाले कार्यकर्ताओं को सदैव सम्मान और अवसर मिलता है।

मुख्य अतिथि पवन पाटीदार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो” के मंत्र को आत्मसात कर संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछड़े वर्ग को सम्मान और नेतृत्व देने का कार्य किया है। अंत्योदय के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।सम्मेलन में सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, पूर्व विधायक रामलल्लू बैंस, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री सीमा जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष दिलीप शाह, रमापति जायसवाल सहित भाजपा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।













