26 जुलाई को होगा निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, जबलपुर–सोमनाथ और मालवा एक्सप्रेस का होगा ठहराव

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल को जल्द ही एक और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से तैयार निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण 26 जुलाई को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से करेंगे। उद्घाटन समारोह में भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित जनप्रतिनिधि निशातपुरा स्टेशन पर मौजूद रहेंगे।
स्टेशन के शुरू होने के साथ ही यहां इंदौर–जम्मूतवी मालवा एक्सप्रेस और जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस का नियमित ठहराव भी शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को भोपाल और रानी कमलापति (आरकेएमपी) रेलवे स्टेशनों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।
निशातपुरा स्टेशन का निर्माण कार्य काफी पहले पूरा हो चुका था, लेकिन औपचारिक लोकार्पण के अभाव में इसका संचालन शुरू नहीं हो सका था। इस संबंध में सांसद आलोक शर्मा ने संसद भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर स्टेशन के शीघ्र उद्घाटन का आग्रह किया था। इसके बाद रेलवे ने 26 जुलाई को उद्घाटन की तिथि तय की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन के संचालन से भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा, वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन और सीहोर जिलों के करीब तीन लाख यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।













