बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विधायक के प्रयासों से सरई को मिली सौगात, अदाणी फाउंडेशन ने दी नई एंबुलेंस

आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा सहारा, ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी होगी सुविधा

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के सरई मंडल के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही एंबुलेंस की मांग अब पूरी हो गई है। देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम के प्रयासों से अदाणी फाउंडेशन ने सरई को नई आधुनिक एंबुलेंस की सौगात दी है। एंबुलेंस मिलने से सरई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार सरई मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव सहित क्षेत्र की जनता लंबे समय से एंबुलेंस की आवश्यकता महसूस कर रही थी। ग्रामीण क्षेत्रों में किसी मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने में कई बार परेशानी सामने आती थी। जनता की इस समस्या को विधायक राजेंद्र मेश्राम ने गंभीरता से लेते हुए अदाणी फाउंडेशन के समक्ष सरई में एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

विधायक के लगातार प्रयास और अदाणी फाउंडेशन के सकारात्मक सहयोग के बाद सरई को नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस की सुविधा मिलने से दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ
नई एंबुलेंस का लाभ केवल सरई कस्बे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज भी इसका उपयोग कर सकेंगे। विशेषकर दूरस्थ गांवों से गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला अस्पताल तक पहुंचाने में यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।एंबुलेंस की सौगात मिलने पर सरई मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव सहित मंडल पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने विधायक राजेंद्र मेश्राम के प्रति आभार जताया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकता को देखते हुए एंबुलेंस उपलब्ध कराना जनहित में महत्वपूर्ण पहल है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इसी तरह के प्रयास जारी रहेंगे।

Author

Related Articles

Back to top button