बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

डीएवी निगाही में खेलों का उत्सव, राष्ट्रीय खेल दिवस पर दिखा उत्साह

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर क्रिकेट, बैडमिंटन, दौड़ और ऊंची कूद प्रतियोगिताएं; विद्यार्थियों ने दिया सद्भावना व एकता का संदेश

सिंगरौली- हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को डीएवी पब्लिक स्कूल निगाही में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यालय परिसर में खेल भावना का माहौल रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ एमपी जोन-डी के एआरओ अमिताभ श्रीवास्तव ने किया। विद्यालय के प्राचार्य शैलेश सिंघल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
विद्यालय के खेल शिक्षक धनंजय सिंह एवं रचना त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। क्रिकेट, बैडमिंटन, दौड़ और ऊंची कूद प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी तालियों से उनका हौसला बढ़ाते रहे। विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खेलों में शामिल विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाते हुए सद्भावना, अनुशासन और एकता का संदेश दिया।

खेलों से सर्वांगीण विकास को मिलती है मजबूती
मुख्य अतिथि अमिताभ श्रीवास्तव ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मअनुशासन, स्वावलंबन और स्वस्थ शरीर के साथ टीम भावना विकसित करते हैं। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ ही विद्यार्थी समाज और देश के विकास में बेहतर योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका अतुलनीय है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका पूनम कुशवाहा ने किया। अंत में प्राचार्य शैलेश सिंघल ने मुख्य अतिथि, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Author

Related Articles

Back to top button