सितंबर की शुरुआत में महंगाई का झटका, रसोई से हवाई सफर तक बढ़ा खर्च
कॉमर्शियल एलपीजी और एटीएफ के दाम बढ़े, दूध, चीनी, प्याज और अंडों की कीमतों में भी तेजी

नई दिल्ली। सितंबर महीने की शुरुआत आम उपभोक्ताओं के लिए महंगाई का नया झटका लेकर आई है। रसोई में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने के साथ ही कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और विमान ईंधन की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इससे कारोबारियों के साथ आम लोगों के बजट पर भी असर पड़ने की आशंका है।
तेल विपणन कंपनियों ने विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमत में लगातार दूसरे महीने 5.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसमें 6.28 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। दिल्ली में एटीएफ की कीमत 115 रुपये से बढ़कर 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे आने वाले समय में हवाई यात्रा के किराए पर भी असर पड़ सकता है।
वहीं, 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़कर दिल्ली में 2,747.50 रुपये हो गई है। हालांकि घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दूध की कीमतों में भी कुछ स्थानों पर 9 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दूसरी ओर चीनी और प्याज के बढ़ते दाम ने घरेलू बजट की चिंता बढ़ा दी है। विभिन्न शहरों में चीनी 61 से 68 रुपये और प्याज 52 से 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
इस बीच अंडों की कीमतों में भी बीते एक वर्ष में 35 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि बताई गई है। सर्दियों में मांग बढ़ने पर इनके दाम और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।













