जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुनीं 145 आवेदकों की समस्याएं
प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश

सिंगरौली, । कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री संघ प्रिय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 145 आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ जिला पंचायत ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर सात दिवस के भीतर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा आवेदकों को उनके प्रकरण में हुई कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण लोकहितकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। इसलिए अधिकारियों का दायित्व है कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान करें। उन्होंने अनावश्यक विलंब से बचने और प्रकरणों के निराकरण में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने अथवा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।













