अयोध्या में एनएच-27 पर भीषण हादसा: दर्शन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को डीसीएम ने पीछे से मारी टक्कर, 28 लोग सवार; कई घायल

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रुदौली कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब छह बजे एनएच-27 पर मखवापुर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या दर्शन के लिए लखीमपुर खीरी से जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। उसमें सवार 28 महिला, पुरुष और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत कई लोग घायल हो गए।
नया ट्रैक्टर लेने के बाद दर्शन के लिए निकला था परिवार
लखीमपुर खीरी निवासी अनुराग वर्मा के परिजन नया ट्रैक्टर खरीदने के बाद रिश्तेदारों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 28 लोग सवार थे। बुधवार सुबह मखवापुर के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रॉली सड़क पर पलट गई।
मौके पर मची चीख-पुकार
दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक विकास वर्मा (27), छोटे कश्यप (38), धनंजय वर्मा, आदित्य वर्मा (16), आदर्श, शुभम वर्मा, रेखा और दिनेश समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पीआरवी-112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।
अचानक दाहिनी ओर आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीसीएम चालक ने बताया
पुलिस के अनुसार डीसीएम क्रमांक यूपी 42 सीटी 7023 अलीगढ़ से गत्ता लेकर गोरखपुर जा रही थी। डीसीएम चालक राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक दाहिनी ओर मुड़ गई। उसने ब्रेक लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन दूरी कम होने के कारण डीसीएम ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
क्रेन और जेसीबी से हटाए वाहन, यातायात हुआ सुचारू
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के कारण एनएच-27 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।













