बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का मार्ग, विद्यार्थियों ने लिया ईमानदारी का संकल्प

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत निबंध, भाषण, स्किट और नुक्कड़ नाटक का आयोजन; मानव श्रृंखला बनाकर दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश

सिंगरौली। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय वैढ़न में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के महत्व की जानकारी दी गई।

2 सितंबर को निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि 3 सितंबर को विद्यार्थियों ने स्किट और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जीवन में सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए ईमानदार आचरण अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया। इसके बाद सभी ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जीने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी विंध्यनगर के सतर्कता अधिकारी फुलजेंस केरकेट्टा, महाविद्यालय के प्राचार्य कैलाश तंतुवाय, कार्यक्रम प्रभारी राकेश कुमार, व्याख्याता अविकल प्रताप सिंह एवं पूजा द्विवेदी तथा समन्वयक मनीष झा, अमित तिवारी, प्रदीप बघेल, सुमन मिश्रा और सूरज पांडेय सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्टाफ मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button