देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

तेल लूटती रही भीड़, फंसा रहा चालक

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा घाटी में शनिवार को सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई। काली मंडा के पास पाम ऑयल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक टैंकर के अंदर फंस गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय टैंकर से तेल लूटने में जुट गए।

करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर तेल लूटने का सिलसिला चलता रहा। आसपास के लोग बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर पहुंचे और टैंकर से पाम ऑयल भरकर ले जाते रहे। भीड़ में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे। इस दौरान घायल चालक टैंकर के अंदर फंसा मदद का इंतजार करता रहा।

बाद में एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद तेल ले जा रही भीड़ को वहां से हटाया गया। इसके बाद टैंकर में फंसे चालक को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।

जानकारी के अनुसार पाम ऑयल से भरा टैंकर हरदिया, रजौली (नवादा) की ओर जा रहा था। काली मंडा के पास किसी दूसरे वाहन को रास्ता देने के दौरान चालक का टैंकर पर नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया।

हादसे के बाद चालक को बचाने के बजाय तेल लूटने के लिए उमड़ी भीड़ की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई। दुर्घटना से ज्यादा मौके पर दिखाई दी संवेदनहीनता चर्चा का विषय बनी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button