देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

खड़े ट्रक से टकराई कार, 8 छात्रों की मौत

त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में तमिलनाडु के आठ इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई। हादसा कैपामंगलम क्षेत्र में निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-66 पर हुआ। छात्रों की कार सड़क किनारे खड़े मालवाहक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया।

पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 11.42 बजे पनम्बिक्कुन्नू सेंटर के पास हुआ। कार में डिंडीगुल स्थित पीएसएनए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

टक्कर के बाद कार में फंसे शवों को निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। सभी आठ छात्रों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच की पहचान सलेम के विश्वा, डिंडीगुल के सूर्या व संजीत तथा मदुरै के संतोष और प्रसन्ना के रूप में हुई है। तीन अन्य छात्रों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने पहचान किए गए छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र छुट्टियां मनाने के लिए केरल आए थे। शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मॉर्चरी में भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

स्थानीय लोगों ने हाईवे पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और चेतावनी संकेतक नहीं होने को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर यातायात डायवर्ट है, लेकिन पर्याप्त संकेतक नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है।

कैपामंगलम पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। मोटर वाहन विभाग के अधिकारी भी हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button