बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर परिषद बरगवां की बैठक में विकास कार्यों को मिली मंजूरी, करोड़ों रुपये होंगे खर्च

बिजली व्यवस्था में सुधार से लेकर शिवदरा तालाब के सौंदर्यीकरण और मुक्तिधाम निर्माण तक के कार्य स्वीकृत

सिंगरौली। नगर परिषद बरगवां में आयोजित परिषद की बैठक में नगर के विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत कार्यों में विद्युत व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, शिवदरा तालाब का सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट पोल की व्यवस्था, पेयजल सुविधाओं का विस्तार तथा मुक्तिधाम का विकास शामिल है। इन कार्यों से नगर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा के नेतृत्व में स्वीकृत विकास कार्यों के तहत विद्युत व्यवस्था में सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 8 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, शिवदरा तालाब के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे तालाब के विकास के साथ नगर की सुंदरता बढ़ाने पर जोर रहेगा।
इसी तरह नगर के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट पोल की व्यवस्था के लिए 30 लाख रुपये तथा विभिन्न स्थानों पर हैंडपंप खनन एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा मुक्तिधाम के विकास एवं निर्माण कार्य के लिए 44 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

कुल 5 करोड़ 66 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत
नगर परिषद बरगवां में स्वीकृत इन पांच प्रमुख विकास कार्यों की कुल लागत 5 करोड़ 66 लाख रुपये है। इन कार्यों के माध्यम से बेहतर बिजली व्यवस्था, पेयजल सुविधा, नगर में प्रकाश व्यवस्था, तालाब का सौंदर्यीकरण और मुक्तिधाम का विकास सुनिश्चित करने की योजना है।

नगर परिषद का उद्देश्य विकास कार्यों के माध्यम से बरगवां को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त नगर बनाना है। अब इन स्वीकृत कार्यों को धरातल पर उतारना और निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा कराना महत्वपूर्ण होगा, ताकि नागरिकों को इनका वास्तविक लाभ मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button