बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही पर मुख्यमंत्री नाराज, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और घायलों को 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की सहायता

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। झांसी रोड के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) रवि भदौरिया को हटाने के साथ 3 थाना प्रभारियों सहित 8 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, यातायात निरीक्षक राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सीएसपी को हटाने की कार्रवाई को मिलाकर कुल 9 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।

मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी घायलों का इलाज नि:शुल्क कराया जाएगा।

मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिलने के निर्देश भी दिए हैं। हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button