देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा एक्शन, कोटा से 3 संदिग्ध हिरासत में

मुंबई से ट्रेन के जरिए जा रहे थे संदिग्ध, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने संयुक्त रूप से की।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध मुंबई से ट्रेन के जरिए जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें हिरासत में लिया। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की फायरिंग की घटना में भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज से जुटाए जा रहे सुराग

रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि फायरिंग के पीछे कौन लोग शामिल थे और घटना की साजिश किसने रची।

कोटा से हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कोटा पुलिस ने हिरासत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आने की संभावना है।

Author

Related Articles

Back to top button