बिहार में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार
मेला देखने जा रहे दंपति को रास्ते में रोका, पति से मारपीट के बाद वारदात का आरोप; अररिया में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला भी सामने आया

पटना। बिहार के मोतिहारी जिले में दुर्गा पूजा मेला देखने जा रही एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने महिला और उसके पति को रास्ते में रोककर सुनसान इलाके में ले जाने के बाद मारपीट की और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे बंजरिया सरेह के पास हुई। महिला अपने पति के साथ शिवहर से मधुबन में दुर्गा पूजा मेला देखने जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने बाइक सवार दंपति को रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों को सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अम्बीकेश तिवारी, रिंकी कुमार, अंकुश कुमार, राहुल कुमार, कंचन कुमार, मुन्ना कुमार, रणधीर कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी शिवहर जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ जिमी सिंह टोला गांव के निवासी हैं। आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अररिया में बच्ची से दुष्कर्म का आरोप
बिहार के अररिया जिले में भी 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 32 वर्षीय पड़ोसी युवक बच्ची को बिस्किट देने का लालच देकर खेत की ओर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां खेत में काम करने गई थी। बच्ची के घर पर नहीं मिलने पर उसका बड़ा भाई उसे खोजने निकला। तलाश के दौरान बच्ची धान के खेत के पास मेड़ पर अचेत अवस्था में मिली। शोर मचने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बच्ची को चिकित्सकीय जांच के लिए अररिया भेजा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।













