बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रयाग पथ पर कन्या भोज, आज हवन और कल भंडारे के बाद होगा मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन

नगर निगम और पुलिस प्रशासन का मिल रहा सहयोग, मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

सिंगरौली। बैढ़न के डीएव्ही रोड स्थित प्रयाग पथ पर नवदुर्गा पूजनोत्सव समिति के पंडाल में शारदीय नवरात्र के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को पंडाल में कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धाभाव के साथ कन्याओं को भोजन कराया गया। नवरात्र के दौरान सुबह-शाम मां दुर्गा के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।पंडाल में मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। पुजारी अनुज धर द्विवेदी द्वारा विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई जा रही है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

नगर निगम और पुलिस प्रशासन का सहयोग
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, आयोजन के दौरान साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में नगर निगम प्रशासन का सहयोग मिल रहा है। वहीं, पुलिस प्रशासन की टीम भी समय-समय पर पंडाल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है। समिति ने आयोजन में सहयोग के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।

आज हवन, कल भंडारा और विसर्जन
समिति के कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार को पंडाल में हवन किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को भंडारे का आयोजन होगा और मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समापन कार्यक्रमों को लेकर समिति के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस दौरान समिति अध्यक्ष सतेंद्र त्रिपाठी, सचिव रजनीश धर द्विवेदी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत द्विवेदी, उपाध्यक्ष मनोज तिवारी, सहसचिव विवेक धर द्विवेदी और सहकोषाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button