विजयादशमी पर सिंगरौली के सभी थानों में हुआ शस्त्र पूजन, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम सरई में रहे मुख्य अतिथि
विधि-विधान से की गई शस्त्रों की पूजा, सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का दिया संदेश

सिंगरौली। विजयादशमी के पावन अवसर पर सिंगरौली जिले के समस्त थानों और पुलिस चौकियों में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने परंपरानुसार शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
सरई थाना परिसर में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। विधायक मेश्राम ने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलते हुए अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। शस्त्र पूजन वीरता, पराक्रम, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति संकल्प का प्रतीक है।उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
जिले के सभी थानों में हुआ पूजन
विजयादशमी के अवसर पर कोतवाली बैढ़न, विंध्यनगर थाना, जयंत चौकी, मोरवा थाना, देवसर थाना, जियावन थाना और चितरंगी थाना सहित जिले के सभी थानों एवं चौकियों में शस्त्र पूजन किया गया। पुलिसकर्मियों ने परंपरा के अनुसार शस्त्रों की पूजा कर समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शस्त्र पूजन के साथ जिले में विजयादशमी का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।













