बैढ़न में चोरों के हौसले बुलंद: सिंचाई विभाग के दो सरकारी आवासों में 5 लाख की चोरी, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

सिंगरौली -जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित सिंचाई विभाग के दो सरकारी आवासों को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। चोरों ने इन आवासों से करीब 5 लाख रुपये का कीमती सामान और नकदी पार कर दी। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज सामने आ गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
महिला कर्मचारी का चोर से हुआ आमना-सामना (क्वार्टर नंबर आर-68):
पहली वारदात मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सिंचाई विभाग के क्वार्टर नंबर आर-68 में हुई। इस आवास में निवासरत माइनिंग विभाग की कर्मचारी सपना शुक्ला ने बताया कि उनके पति मॉर्निंग वॉक पर गए थे और बाहर से ताला लगा दिया था। सुबह 7 बजे आहट सुनकर वह कमरे से बाहर निकलीं, तो लोहे की रॉड जैसा औजार लिए एक अज्ञात व्यक्ति उनकी ओर दौड़ा। उन्होंने तुरंत कमरे के अंदर से दरवाजा बंद कर शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद कर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति पहले ताले चेक करता, फिर रॉड से ताला तोड़कर अंदर घुसता और कुछ देर बाद तेजी से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।

न्यायालय कर्मी के सूने घर से जेवर और नकदी पार:
दूसरी घटना मंगलवार रात 10 से 10:15 बजे के बीच हुई। यह आवास जिला न्यायालय में पदस्थ एक कर्मचारी का है, जो दशहरे की छुट्टियों में सपरिवार मऊगंज गए हुए थे। बुधवार सुबह उनकी घरेलू सहायिका शक्ति साहू ने फोन कर घर का ताला टूटने की जानकारी दी। जब कर्मचारी सिंगरौली लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा है और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ है। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब 45 हजार रुपये नकद ले उड़े। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस कर रही सरगर्मी से तलाश:
इस पूरे मामले में बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है, तथा जल्द ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।













