यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 13 की मौत, कई घायल
घने कोहरे में 11 वाहन टकराए, बसों में लगी आग, यातायात ठप

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के चलते सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान एक कार डिवाइडर से टकरा गई। पीछे से आ रही बस कार से जा भिड़ी और इसके बाद एक के बाद एक कई बसें और छोटे वाहन आपस में टकराते चले गए। हादसे में कुल 11 वाहन शामिल थे, जिनमें आठ बसें और तीन अन्य वाहन थे। टक्कर के बाद पांच बसों समेत सात वाहनों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बसें यात्रियों से भरी हुई थीं। टक्कर के बाद तेज धमाके हुए और आग तेजी से फैल गई। यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल दहला रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसे वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।













