बिना अनुमति तेज डीजे बजाने पर पुलिस की कार्रवाई, साउंड सिस्टम जब्त

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय क्षेत्र स्थित पचपेढ़ी अतिथि आवास में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। तेज आवाज से परेशान क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे बंद कराया।
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार घटना बुधवार देर रात की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के अतिथि आवास पचपेढ़ी परिसर में तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान अतिथि आवास के लॉन में पार्टी आयोजित पाई गई, जहां रात करीब 11:40 बजे तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने साउंड ऑपरेटर से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साउंड ऑपरेटर राकेश कुमार चौधरी निवासी कांचघर से चार साउंड बॉक्स, एक मिक्सर मशीन और एक एम्प्लीफायर जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।













